Lok Sabha News: हंगामे के बीच लोकसभा से पास हुआ ‘VB–G RAM-G’ बिल, विपक्ष ने फाड़े कागज़… सदन स्थगित!
Share this
नई दिल्ली। लोकसभा में बुधवार, 18 दिसंबर 2025 को भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) बिल, जिसे VB–G RAM-G या ‘जी राम जी’ बिल कहा जा रहा है, को भारी हंगामे और विरोध के बीच पारित कर दिया गया। बिल के पास होते ही सदन का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।
बिल पारित होते ही विपक्षी दलों के सांसदों ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। कई सांसद वेल में पहुंच गए और बिल से जुड़े दस्तावेज़ फाड़कर सदन में फेंक दिए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि लोकसभा की कार्यवाही को अगले दिन तक के लिए स्थगित करना पड़ा।
शिवराज सिंह चौहान बोले – सरकार भेदभाव नहीं करती
बिल पर चर्चा के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सरकार का पक्ष मजबूती से रखा। जैसे ही उन्होंने जवाब देना शुरू किया, विपक्षी सांसदों ने विरोध तेज कर दिया और लगातार व्यवधान डालते रहे। इसके बावजूद मंत्री ने अपना वक्तव्य जारी रखा।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करती और देश के प्रति उसकी सोच व्यापक है। उन्होंने कहा, “महात्मा गांधी हमारी प्रेरणा हैं और सरकार के लिए पूरा देश समान है। देश हमारे लिए केवल जमीन का टुकड़ा नहीं है। हमारी सोच न तो संकीर्ण है और न ही सीमित।”

विपक्ष की आपत्ति, समिति को भेजने की मांग
विपक्ष की ओर से इस बिल को लेकर कड़ी आपत्तियां जताई गईं। कांग्रेस सांसद केजी वेणुगोपाल ने लोकसभा अध्यक्ष से आग्रह किया कि इस विधेयक को स्थायी समिति या संयुक्त संसदीय समिति को भेजा जाए ताकि इस पर और गहन चर्चा हो सके।
हालांकि, लोकसभा अध्यक्ष ने इस मांग को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि इस बिल पर 14 घंटे से अधिक समय तक चर्चा हो चुकी है और बड़ी संख्या में सांसदों ने बहस में हिस्सा लिया है।
नारेबाजी के बीच कार्यवाही स्थगित
बिल पास होने के बाद विपक्षी दलों ने एक बार फिर नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चर्चा पूरी करने की मांग की, लेकिन लगातार हो रहे व्यवधान के चलते लोकसभा की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा।
