Liquor Scam News: पूर्व मुख्यमंत्री की सचिव जेल भेजी गईं, अब इस अफसर पर बढ़ेगा शिकंजा
Share this
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। मामले में पूर्व मुख्यमंत्री की सचिव रह चुकी सौम्या चौरसिया को दो दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया।
ईडी का आरोप है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मुख्यमंत्री सचिव रहते हुए सौम्या चौरसिया ने शराब घोटाले के जरिए करीब 115 करोड़ रुपये की अवैध कमाई की। एजेंसी के मुताबिक, इस दौरान उन्होंने नियमों को ताक पर रखकर मनमानी नियुक्तियां कीं और पूरे घोटाले को संरक्षण दिया।
जमानत याचिका नहीं, ED ने भी नहीं मांगी रिमांड
कोर्ट में सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष की ओर से जमानत याचिका दाखिल नहीं की गई। वहीं, ईडी ने भी दोबारा पुलिस रिमांड की मांग नहीं रखी। इसके बाद अदालत ने सौम्या चौरसिया को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। यह कार्रवाई उनके लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।
अब पूर्व आबकारी आयुक्त से होगी पूछताछ
इस मामले में अगला बड़ा घटनाक्रम यह है कि ईडी पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास को प्रोडक्शन रिमांड पर अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है। कुछ ही देर में पुलिस उन्हें कोर्ट लेकर पहुंचेगी। ईडी निरंजन दास की कस्टोडियल रिमांड मांगेगी ताकि सौम्या चौरसिया से मिले इनपुट के आधार पर उनसे गहन पूछताछ की जा सके। फिलहाल निरंजन दास, EOW की FIR में पहले से जेल में बंद हैं।
2500 करोड़ से ज्यादा की अवैध कमाई का दावा
ईडी ने इस मामले में जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि ACB/EOW रायपुर द्वारा IPC और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत दर्ज FIR के आधार पर जांच शुरू की गई थी। जांच में सामने आया है कि शराब घोटाले से राज्य के खजाने को भारी नुकसान हुआ और 2500 करोड़ रुपये से अधिक की आपराधिक कमाई की गई।
16 दिसंबर को हुई थी गिरफ्तारी
पूर्व सीएम भूपेश बघेल की उप सचिव रह चुकी सौम्या चौरसिया को ईडी ने 16 दिसंबर को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) 2002 के तहत गिरफ्तार किया था। अगले दिन उन्हें विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से ईडी को तीन दिन की रिमांड मिली थी।
फिलहाल ईडी की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस घोटाले से जुड़े कई और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
