आसमानी बिजली का तांडव: खेत की झोपड़ी पर गिरी गाज, एक युवक की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में प्रकृति का एक बेहद दर्दनाक और भयावह रूप देखने को मिला है। जिले के देवभोग थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पीटापारा में आकाशीय बिजली (गाज) गिरने से एक ही परिवार के चार लोग इसकी चपेट में आ गए। इस भीषण प्राकृतिक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, पीटापारा गांव का यह परिवार रोज की तरह अपने खेत में कृषि कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। आसमान में काले घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश और गरज-चमक शुरू हो गई। मौसम को बिगड़ता देख और खुद को भीगने से बचाने के लिए चारों लोग खेत में ही बनी एक अस्थायी झोपड़ी के नीचे जाकर छिप गए।
तभी अचानक एक जोरदार धमाके के साथ आकाशीय बिजली सीधे उसी झोपड़ी पर आ गिरी। बिजली का झटका इतना जोरदार था कि झोपड़ी के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे चारों लोग बुरी तरह झुलस गए। हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है।

