कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस: ‘हेल्थ सेंटर’ का शुभारंभ और नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन…NV News
Share this
रायपुर: कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर ने आज अपना स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस विशेष अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित ‘हेल्थ सेंटर’ का शुभारंभ किया गया और एक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुई।

इस गरिमामयी आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवि आर. सक्सेना उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रभात मिश्रा एवं माननीय मुख्यमंत्री जी के सलाहकार श्री आर. कृष्णा दास विशेष रूप से उपस्थित रहे।
121 लोगों ने लिया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों सहित कुल 121 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और सेवाओं का लाभ लिया।
विकास और गौरवशाली इतिहास
ज्ञात हो कि विश्वविद्यालय की स्थापना 16 अप्रैल 2005 को पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी द्वारा की गई थी। पत्रकारिता एवं जनसंचार के क्षेत्र में यह संस्थान निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर है। स्थापना दिवस के अवसर पर कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय आज 21 वर्ष पूर्ण कर 22वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि “पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जिसकी राष्ट्र निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है।” उन्होंने आगे भी विश्वविद्यालय परिसर में ऐसे जन-सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि प्रो. रवि आर. सक्सेना ने अपने उद्बोधन में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा की सराहना की और विद्यार्थियों को समाज सेवा एवं जन-कल्याण के कार्यों के लिए प्रोत्साहित किया।

सम्मान और आभार
कार्यक्रम के दौरान कुलसचिव श्री सुनील कुमार शर्मा ने विश्वविद्यालय के ‘एमबीए हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन’ विभाग से अनुबंधित अस्पतालों के हॉस्पिटल मैनेजरों को राजकीय गमछा और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही, स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन के लिए एमबीए हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन के फैकल्टी डॉ. देवेंद्र कश्यप और उनकी पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रबंधन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. आशुतोष मंडावी द्वारा किया गया।
