सुशासन तिहार में बीजेपी नेता से उलझना पड़ा भारी: दुर्ग जनपद CEO रूपेश पांडेय तत्काल प्रभाव से सस्पेंड, आदेश जारी…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सरकारी कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारी और सत्ताधारी दल के नेता के बीच हुआ विवाद अब एक बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई में बदल गया है। दुर्ग जिले के ग्राम थनौद में बीते 29 मई को आयोजित ‘सुशासन तिहार’ के मंच पर हुए हाईप्रोफाइल ड्रामे के बाद शासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) रूपेश पांडेय को उनके पद से तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है।
यह पूरी कार्रवाई अंजोरा निकुम भाजपा मंडल के महामंत्री पुराण देशमुख के साथ कार्यक्रम के दौरान हुए कथित विवाद और अशिष्ट व्यवहार के आरोपों के बाद की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शासकीय आयोजन में किसी बात को लेकर सीईओ रूपेश पांडेय और भाजपा नेता पुराण देशमुख के बीच तीखी बहस हो गई थी। नेताजी के साथ अधिकारी के इस बर्ताव की शिकायत फौरन संगठन और शासन के उच्च स्तर तक पहुंची, जिसके बाद प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया था।
मामले की गंभीरता और जनप्रतिनिधियों व संगठन के भारी दबाव को देखते हुए राज्य शासन ने सीईओ रूपेश पांडेय के खिलाफ निलंबन का आदेश जारी कर दिया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शासकीय दायित्वों के निर्वहन के दौरान सिविल सेवा नियमों के विपरीत आचरण और अभद्र व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस निलंबन के बाद दुर्ग संभाग के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार बेहद गर्म है।

