जांजगीर-चांपा: दो भाइयों पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार; पुराने पैसे के लेनदेन पर भड़की वारदात
Share this
जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में दो भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवक की पहचान रोगदा गांव निवासी जागेश्वर दास महंत (33 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू और उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
यह वारदात 3 दिसंबर की दोपहर करीब 1:30 बजे उस समय हुई जब शिवम सोनी, शिवा सोनी और उनके दो साथी मंदिर के पास खड़े थे। उसी दौरान आरोपी जागेश्वर महंत वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए अचानक चाकू से हमला कर दिया।
हमले में शिवा सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके पेट में चाकू लगने से गहरी चोट आई। बीच-बचाव के दौरान शिवम सोनी और नीरज सोनी पर भी आरोपी ने चाकू से वार किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
पीड़ितों की शिकायत पर बम्हनीडीह पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गांव में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पैसों के पुराने लेनदेन को लेकर विवाद के कारण हमला करने की बात कबूल की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
