कांकेर का ITBP जवान विनोद कुमार गोटी लापता: लुधियाना से घर के लिए निकले थे, गोरखपुर में मिला सामान…NV News
Share this
Raipur: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र के कसावाही गांव का रहने वाला आईटीबीपी जवान विनोद कुमार गोटी पिछले 7 फरवरी से लापता है। विनोद वर्तमान में पंजाब के लुधियाना में पदस्थ हैं। परिजनों के अनुसार, 7 फरवरी की रात लगभग 10 बजे विनोद ने फोन पर जानकारी दी थी कि उन्होंने छुट्टी ले ली है और वे घर आ रहे हैं। उन्होंने घर वालों से कहा था कि वे उन्हें लेने रायपुर स्टेशन पहुँचें। हालांकि, अगले दिन 8 फरवरी की सुबह से ही उनका मोबाइल बंद आने लगा और परिजनों का उनसे संपर्क पूरी तरह टूट गया।
काफी तलाश के बाद जब परिजनों ने दोबारा कॉल किया, तो उनका फोन किसी दूसरे व्यक्ति ने उठाया। उसने बताया कि वह भी एक जवान है और उसे विनोद का मोबाइल और बैग गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर लावारिस हालत में मिला है। यह सूचना मिलते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। वे तुरंत गोरखपुर पहुँचे और स्टेशन व आस-पास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन विनोद का कोई सुराग नहीं मिला। जवान के इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से उनकी दिव्यांग माँ और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने अब शासन-प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, गृहमंत्री विजय शर्मा और पुलिस अधीक्षक से विनोद की सुरक्षित तलाश के लिए अपील की है। पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली है और गोरखपुर पुलिस व रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के साथ समन्वय स्थापित कर जांच शुरू कर दी है। जवान का मोबाइल और सामान सुरक्षित मिलना और उनका खुद गायब होना कई अनुत्तरित सवाल खड़े करता है।
