कांग्रेस की गुटबाजी खुलकर सामने: सचिन पायलट के सामने ही कांग्रेसी भिड़े, वरिष्ठ नेता ने लगाए दलाली के आरोप
Share this
धमतरी। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में एकजुटता के दावों के बीच अंदरूनी कलह एक बार फिर खुलकर सामने आ गई। धमतरी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के सामने ही कांग्रेस नेता आपस में भिड़ गए। इस दौरान वरिष्ठ नेता देवेंद्र अजमानी ने जिलाध्यक्ष शरद लोहना पर महापौर चुनाव में “दलाली” करने और बीजेपी को वॉकओवर दिलाने का गंभीर आरोप लगाया।
सचिन पायलट धमतरी में संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद जब वे पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा कर रहे थे, तभी अचानक कांग्रेसी नेताओं के बीच विवाद भड़क उठा। देवेंद्र अजमानी ने जोरदार नारेबाजी करते हुए जिलाध्यक्ष पर टिकट वितरण में गड़बड़ी और दलाली के आरोप लगाए।
माहौल बिगड़ता देख सचिन पायलट तुरंत कार की ओर बढ़े। अजमानी ने उन्हें रोककर शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन पायलट बिना बात सुने ही कार में बैठकर रवाना हो गए।
अजमानी की भाजपा में शामिल होने की घोषणा:-
मीडिया से बात करते हुए देवेंद्र अजमानी ने कहा कि जिलाध्यक्ष के कारण महापौर चुनाव में कांग्रेस ने डमी कैंडिडेट नहीं उतारा, जिसके चलते बीजेपी को वॉकओवर मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब “डील” के तहत हुआ।
अजमानी ने कहा कि वह अब कांग्रेस में रहने को तैयार नहीं हैं और जल्द ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। उन्होंने अपना त्यागपत्र सचिन पायलट को सौंप दिया है।
वहीं दूसरी ओर, जिलाध्यक्ष शरद लोहना ने पलटवार करते हुए अजमानी को “बीजेपी का दलाल” बताते हुए कहा कि वे अक्सर बीजेपी कार्यक्रमों में देखे जाते हैं। कांग्रेस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देवेंद्र अजमानी को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया।
