इंडिगो एयरलाइन संकट: लगातार तीसरे दिन 550 से ज्यादा उड़ानें रद्द, यात्रियों का हंगामा—बेटी के लिए सेनेटरी पैड मांगने पर भी इंकार

Share this

मुंबई/नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो गंभीर परिचालन संकट से जूझ रही है। लगातार तीसरे दिन गुरुवार को भी 550 से अधिक घरेलू व अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिसके कारण हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूत्रों के अनुसार केवल दिल्ली एयरपोर्ट पर 172 उड़ानें रद्द हुईं। वहीं मुंबई में 118, बेंगलुरु में 100, हैदराबाद में 75, कोलकाता में 35, चेन्नई में 26 और गोवा में 11 उड़ानें रद्द की गईं। अचानक इतने बड़े पैमाने पर हुई कैंसिलेशन से एयरपोर्ट्स पर अफरा-तफरी मच गई।

 

यात्रियों का एयरपोर्ट पर हंगामा, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

उड़ानें रद्द होने और घंटों देरी से यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। कई यात्रियों ने एयरपोर्ट पर ही हंगामा कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक यात्री अपनी बेटी के लिए सेनेटरी पैड मांगता दिखाई देता है, लेकिन इंडिगो स्टाफ ने देने से साफ इंकार कर दिया।

वीडियो में वह व्यक्ति कहता है—

“सिस्टर, मेरी बेटी को सेनेटरी पैड चाहिए… उसे पीरियड हुआ है… ब्लड गिर रहा है… कृपया दे दीजिए।”

लेकिन स्टाफ ने जवाब दिया—

“सॉरी सर, हम ऐसा नहीं कर सकते।”

 

इस घटना को लेकर लोग सोशल मीडिया पर एयरलाइन की कड़ी आलोचना कर रहे हैं।

 

डीजीसीए की सख्त प्रतिक्रिया

नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने कहा कि इंडिगो में उड़ान रद्द होने की संख्या दैनिक 170–200 तक पहुंच गई है, जो सामान्य स्तर से काफी अधिक है।

बुधवार को छह प्रमुख हवाई अड्डों पर एयरलाइन की समयपालन दर (OTP) 19.7% पर गिर गई, जबकि 2 दिसंबर को यह 35% थी।

 

कैबिन क्रू की कमी और नए नियम बने संकट की वजह

एयरलाइन पिछले कुछ समय से चालक दल यानी क्रू की भारी कमी का सामना कर रही है।

नए FDTL (Flight Duty Time Limit) नियम लागू होने के बाद पायलटों की साप्ताहिक विश्राम अवधि बढ़ा दी गई और रात की लैंडिंग की सीमा भी घटाई गई।

एयरलाइन उद्योग के विशेषज्ञों का कहना है कि नियमों में बदलाव के बाद इंडिगो की उड़ान योजना चरमरा गई है, जिसके कारण बड़े पैमाने पर कैंसिलेशन देखने को मिल रहे हैं।

Share this

You may have missed