IND vs SA तीसरा T20: धर्मशाला में मुकाबला, शुभमन गिल पर टिकीं सभी निगाहें

Share this

धर्मशाला। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला रविवार को धर्मशाला क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है और ऐसे में यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा।

 

इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय टीम की नजर जीत दर्ज कर सीरीज में बढ़त बनाने पर होगी, जबकि दक्षिण अफ्रीका की टीम भी भारत को दबाव में रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। धर्मशाला की ठंडी मौसम परिस्थितियों और तेज गेंदबाजों के अनुकूल पिच पर मुकाबला और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।

 

शुभमन गिल पर होंगी सबकी निगाहें

 

इस मैच में सबसे ज्यादा चर्चा भारतीय उपकप्तान शुभमन गिल को लेकर है। संजू सैमसन की जगह टीम में शामिल किए गए गिल अब तक टी20 प्रारूप में प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे हैं। टी20 विश्व कप में अब महज छह सप्ताह का समय बचा है और ऐसे में गिल के लिए आने वाले तीन मुकाबले बेहद निर्णायक साबित हो सकते हैं।

 

अगर गिल धर्मशाला और आगे के मैचों में बड़ी पारी खेलने में असफल रहते हैं, तो टीम प्रबंधन वैकल्पिक योजनाओं पर विचार कर सकता है। ठंडे मौसम और तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की संभावना के बीच गिल की तकनीक और मानसिक मजबूती की कड़ी परीक्षा होगी।

 

कप्तान सूर्यकुमार की फॉर्म भी चिंता का विषय

 

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की खराब फॉर्म भी टीम के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। हालांकि कप्तान होने के नाते उन्हें विश्व कप तक कुछ हद तक छूट मिलने की संभावना है, लेकिन उपकप्तान गिल के लिए यह राहत नहीं दिखती। कोच गौतम गंभीर के सामने सही संयोजन चुनना बड़ी चुनौती बन गया है।

 

गंभीर के फैसलों पर उठे सवाल

 

दूसरे टी20 में अक्षर पटेल को नंबर तीन पर भेजने और शिवम दुबे को नंबर आठ पर बल्लेबाजी कराने जैसे फैसलों की काफी आलोचना हुई है। माना जा रहा है कि तीसरे मैच में टीम प्रबंधन बल्लेबाजी क्रम में बड़ा बदलाव कर सकता है। सूर्यकुमार यादव के नंबर तीन पर लौटने की संभावना जताई जा रही है।

 

दक्षिण अफ्रीका की मजबूत चुनौती

 

दक्षिण अफ्रीकी टीम तेज गेंदबाजी और आक्रामक बल्लेबाजी से लैस नजर आ रही है। क्विंटन डिकॉक की वापसी, कप्तान एडेन मारक्रम, डेविड मिलर और मार्को यानसन जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी ने उनकी टीम को बेहद संतुलित बना दिया है। धर्मशाला की पिच पर उनका तेज गेंदबाजी आक्रमण भारतीय बल्लेबाजों के लिए मुश्किल खड़ी कर सकता है।

 

कुलदीप यादव को फिर झटका?

कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हमेशा असरदार रहे हैं, लेकिन बल्लेबाजी संतुलन के कारण उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा जा सकता है। यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम प्रबंधन बुमराह के साथ नई गेंद हार्दिक पांड्या को सौंपते हुए कुलदीप को मौका देता है या नहीं।

 

संभावित टीमें

 

भारत:

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह

 

दक्षिण अफ्रीका:

एडेन मारक्रम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, ट्रिस्टन स्टब्स, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, डोनोवन फरेरा, मार्को यानसन, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, एनरिच नॉर्किया, लुथो सिपामला

Share this

You may have missed