IIT भिलाई छात्र मृत्यु मामला, 15 दिन में रिपोर्ट देने वाली समिति गठित
Share this
दुर्ग। आईआईटी भिलाई ने बीटेक प्रथम सेमेस्टर के छात्र सौमिल साहू की मौत के बाद कैंपस स्वास्थ्य केंद्र से जुड़े संभावित लापरवाही के मुद्दों की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। समिति में एम्स रायपुर के विशेषज्ञ, एक स्थानीय सरकारी मेडिकल कॉलेज के प्रतिनिधि, तथा एक छात्र प्रतिनिधि को शामिल किया गया है। समिति को 15 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि यह कदम संस्थान की व्यवस्थागत त्रुटियों को दूर करने और पारदर्शिता बनाए रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मध्य प्रदेश के होशंगाबाद जिले के निवासी 18 वर्षीय सौमिल साहू की 11 नवंबर को अचानक मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद आईआईटी भिलाई ने कई सुधारात्मक कदम शुरू किए हैं, जिनमें—
पुलिस जांच की मांग
कैंपस मेडिकल सुविधाओं का नवीनीकरण
स्वतंत्र तथ्य-खोज पैनल का गठन और चिकित्सा अधिकारी को निलंबित करना शामिल है
आईआईटी भिलाई ने अपने बयान में कहा कि सौमिल का “दुखद, असमय और अप्रत्याशित निधन” पूरे कैंपस समुदाय के लिए “गहरे सदमे और दुख” का कारण बना है। संस्थान ने छात्र के परिजनों और मित्रों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस पूरे मामले को “तत्परता, पारदर्शिता और करुणा” के साथ संभालने के लिए दृढ़ है।
संस्थान ने दुर्ग एसपी से छात्र की मृत्यु की परिस्थितियों की विस्तृत जांच का भी अनुरोध किया है। इसी के तहत 11 नवंबर को ही संस्थान ने अपने मेडिकल ऑफिसर को निलंबित कर दिया है।
उधर, दुर्ग पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि सौमिल को मंगलवार सुबह करीब 10 बजे मिर्गी का दौरा पड़ा था। उन्हें तत्काल स्पर्श अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इसी बीच, आईआईटी भिलाई के छात्रों ने संस्थान में चिकित्सीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि सौमिल सोमवार को बुखार के कारण स्वास्थ्य केंद्र गए थे, लेकिन उनका सही ढंग से निदान नहीं किया गया। मंगलवार को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दोबारा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें निजी अस्पताल रेफर किया गया था।
आईआईटी भिलाई के प्रवक्ता रत्नदीप सामंत ने बताया कि यह मौत प्राकृतिक प्रतीत होती है, हालांकि अंतिम निर्णय मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही किया जा सकेगा।
