देशभर में पत्रकारों पर बढ़ते हमलों पर IHRCCO INDIA ने जताई कड़ी नाराज़गी, पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग
Share this
मुंबई। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण संगठन भारत (IHRCCO INDIA) के राष्ट्रीय अध्यक्ष (मीडिया सेल), छत्तीसगढ़ पत्रकार जनकल्याण संगठन के संस्थापक/अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार–समाजसेवी मनोज वर्मा (स्वतंत्र) ने मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में देशभर में पत्रकारों पर हो रहे लगातार हमलों की कड़ी निंदा की है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार सुरक्षा कानून अब समय की बड़ी जरूरत बन चुका है और केंद्र एवं सभी राज्य सरकारें इस दिशा में ठोस कदम उठाएं।
मनोज वर्मा (स्वतंत्र) ने कहा कि—
“हम पत्रकारों पर बढ़ते हमले सिर्फ सुरक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा आघात हैं। सरकारें इन गंभीर घटनाओं को नजरअंदाज कर रही हैं, जबकि हम पत्रकार समाज के सजग प्रहरी हैं।”
उन्होंने बताया कि कई राज्यों में पत्रकारों को न सिर्फ धमकाया जा रहा है, बल्कि फर्जी धाराओं में उलझाकर पुलिस कार्रवाई भी की जा रही है, जो बेहद चिंताजनक है।
वरिष्ठ पत्रकार मनोज वर्मा ने आगे कहा—
“अब वक्त आ गया है कि देशभर के पत्रकार एकजुट होकर अपनी ताक़त दिखाएं। जब तक पत्रकार सुरक्षित नहीं, तब तक लोकतंत्र सुरक्षित नहीं रह सकता। सरकार तत्काल पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करे, ताकि हम बिना डर के सच जनता तक पहुँचा सकें।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि पत्रकारों पर होने वाली हिंसा किसी भी सभ्य समाज के लिए शर्मनाक है और इसे रोकने के लिए कड़े कानून व सख्त कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है।
