नक्सलियों की बड़ी साजिश: सर्चिंग पर निकले सुरक्षाबलों पर IED विस्फोट, DRG के तीन जवान घायल…NV News

Share this

कांकेर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग अंतर्गत कांकेर जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर सुरक्षाबलों को निशाना बनाया है। जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पानीडोबिर के जंगलों में नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए आईईडी (IED) की चपेट में आने से डीआरजी (District Reserve Guard) के तीन जवान घायल हो गए हैं। यह विस्फोट उस समय हुआ जब सुरक्षाबल के जवान इलाके में एंटी-नक्सल ऑपरेशन (सर्चिंग) पर निकले थे। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति है और अतिरिक्त सुरक्षा बल मौके के लिए रवाना कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि पानीडोबिर के जंगलों में नक्सली किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से जमा हुए हैं। इसी इनपुट के आधार पर डीआरजी की टीम सर्चिंग ऑपरेशन पर निकली थी। जंगल के रास्ते से गुजरते समय जवानों का पैर नक्सलियों द्वारा बिछाए गए प्रेशर आईईडी पर पड़ गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ। इस विस्फोट में तीन जवान घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर के जरिए रायपुर एयरलिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है।

बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जवानों की हालत खतरे से बाहर है। धमाके के बाद सतर्क हुए अन्य जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है और इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए सघन सर्चिंग तेज कर दी गई है। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब सुरक्षाबल लगातार अंदरूनी इलाकों में नक्सलियों के गढ़ में घुसकर कैंप स्थापित कर रहे हैं। पुलिस का मानना है कि जवानों के बढ़ते दबाव और बौखलाहट में नक्सली इस तरह की छिपकर वार करने वाली (IED) रणनीति अपना रहे हैं।

Share this

You may have missed