प्रयास वनवासी पाठशाला में स्वास्थ्य शिविर, डॉ. रूपेश साहू ने परिवार सहित निभाई सेवाभाव की मिसाल…NV News
Share this
अचानकमार अभयारण्य के सुदूर वनग्राम बिसौनी स्थित प्रयास वनवासी पाठशाला में 25 सितंबर, गुरुवार को प्रयास ए स्मॉल स्टेप फाउंडेशन द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में एम.एस. सर्जन डॉ. रूपेश साहू ने बच्चों की स्वास्थ्य जांच की।
जानकारी अनुसार,डॉ. साहू का सेवाभाव और समर्पण सराहनीय रहा। वे अपनी धर्मपत्नी और एक साल के शिशु के साथ बेहद दुर्गम, उबड़-खाबड़ रास्तों से होते हुए शिविर स्थल तक पहुंचे। रास्ते में कई बार उन्हें बाइक से उतरकर पैदल चलना पड़ा, नदी-नाले पार करने पड़े और एक जगह बाइक से गिरने तक की घटना भी हुई। बरसात, कीचड़ और घने जंगल के बावजूद उनका बच्चों से मिलने का उत्साह अदम्य था। बच्चों को देखकर उनके चेहरे की मुस्कान और उनके सेवाभाव ने सभी को भावुक कर दिया।
बता दें,लगभग 61 बैगा बच्चों ने स्वास्थ्य जांच में हिस्सा लिया। जांच के दौरान अधिकांश बच्चे सर्दी-खांसी से पीड़ित पाए गए। स्वच्छता के अभाव में कई बच्चे दाद, खाज, खुजली जैसी त्वचा संबंधी बीमारियों से भी ग्रसित थे। कुछ बच्चों में चर्म रोग की गंभीर समस्याएं देखी गईं। तत्काल उपलब्ध दवाएं बच्चों को दी गईं, जबकि जो दवाएं उपलब्ध नहीं थीं, उन्हें शीघ्र भेजने का आश्वासन डॉ. साहू ने दिया।
वही,स्वास्थ्य जांच के बाद डॉ. साहू और उनकी पत्नी ने बच्चों को शैक्षणिक सामग्री और मिष्ठान वितरित किए, जिससे बच्चों के चेहरे खिल उठे।
इस शिविर की सफलता में समाजसेवी आजुराम मरावी, शिक्षक शिवकुमार मरावी और,शिवकुमारी मरावी का विशेष योगदान रहा। उनका सहयोग शिविर को सुचारु रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण रहा।
प्रयास वनवासी पाठशाला और प्रयास ए स्मॉल स्टेप फाउंडेशन लगातार ऐसे कार्यों के माध्यम से वनवासी बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रहे हैं।
इस स्वास्थ्य शिविर ने न केवल बच्चों को उपचार और जागरूकता दी, बल्कि यह संदेश भी दिया कि सच्ची सेवा कठिनाइयों के बावजूद निःस्वार्थ भाव से की जा सकती है।
