बल्ला थामा, निशाना साधा और चलाई ATV बाइक: मयाली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का ‘सुपर एक्टिव’ अंदाज, जशपुर को दी 4 नए खेलों की सौगात…NV News
Share this
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज एक अलग और ऊर्जावान अंदाज़ में नज़र आए। जशपुर जिले के दौरे के दौरान उन्होंने लोकप्रिय पर्यटन स्थल ‘मयाली नेचर कैंप’ का भ्रमण किया। मुख्यमंत्री ने यहाँ किसी वीआईपी प्रोटोकॉल के बजाय एक आम नागरिक की तरह काउंटर पर जाकर खुद 10 रुपये का प्रवेश शुल्क अदा किया और टिकट कटाकर कैंप में प्रवेश किया। मुख्यमंत्री का यह कदम नियमों के पालन और सार्वजनिक जीवन में समानता का एक बड़ा संदेश दे गया, जिसकी सोशल मीडिया पर भी खूब प्रशंसा हो रही है।
प्रकृति की गोद में बसे इस कैंप में मुख्यमंत्री ने केवल निरीक्षण ही नहीं किया, बल्कि खुद भी साहसिक गतिविधियों (Adventure Sports) में हाथ आजमाया। उन्होंने स्पोर्ट्स मोटर बाइक (ATV) खुद चलाकर पूरे ट्रैक का आनंद लिया। इसके बाद उन्होंने बंदूक थामकर बैलून शूटिंग और धनुष-बाण से आर्चरी शूटिंग (निशानेबाजी) की औपचारिक शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने माउंटेन साइक्लिंग का भी शुभारंभ किया और स्वयं साइकिल चलाकर प्रदेशवासियों को फिट रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
खेलों के प्रति अपने प्रेम को प्रदर्शित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय बॉक्स क्रिकेट के मैदान पर भी उतरे। उन्होंने न केवल बल्ला थामा, बल्कि पेशेवर खिलाड़ियों की तरह शानदार ‘स्ट्रेट ड्राइव’ और ‘ऑफ साइड’ शॉट्स भी लगाए। मुख्यमंत्री को इस अंदाज़ में देख वहां मौजूद खेल प्रेमी और स्थानीय युवा काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने वॉल क्लाइंबिंग बोर्ड का भी उद्घाटन किया और पर्वतारोही तेज सिंह व तेजल भगत के दीवार पर चढ़ने के कौशल की मुक्तकंठ से सराहना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स की असीम संभावनाएं हैं। मयाली नेचर कैंप जैसी अधोसंरचनाएं न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देती हैं, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार और आय के नए स्रोत भी खोल रही हैं। उन्होंने वन विभाग और पर्यटन बोर्ड द्वारा स्थानीय युवाओं को इन गतिविधियों से जोड़ने की पहल की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने मयाली स्थित ‘कैक्टस गार्डन’ का भी अवलोकन किया और उनके औषधीय महत्व की जानकारी ली।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, विधायक श्रीमती गोमती साय और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री का यह दौरा जशपुर को पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर लाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के ऐसे प्राकृतिक स्थलों को विकसित कर स्थानीय समुदाय को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाए। मुख्यमंत्री के इस सरल और सहज व्यवहार ने जशपुर वासियों का दिल जीत लिया।
