Guru Ghasidas Jayanti: श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई गुरु घासीदास की जयंती, रेलवे स्टेशनों पर गूंजे पंथी गीत

Share this

रायपुर। आज 18 दिसंबर को पूरे छत्तीसगढ़ में महान समाज सुधारक और संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। यह दिन प्रदेशवासियों के लिए एक बड़े पर्व के रूप में मनाया जाता है। सतनामी समाज द्वारा प्रदेशभर में भव्य रैलियों, भोग-भंडारों और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। लोग एक-दूसरे को बाबा गुरु घासीदास जयंती की शुभकामनाएं देते नजर आए।

बाबा गुरु घासीदास की जन्म जयंती के अवसर पर प्रदेश में विशेष उल्लास और आस्था का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर एक अनूठी और भावनात्मक पहल रेलवे द्वारा की गई। छत्तीसगढ़ के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर अनाउंसमेंट स्पीकरों के माध्यम से पंथी गीत बजाए गए, जिससे स्टेशन परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

इससे पहले रेलवे द्वारा छठ पर्व पर छठ गीत और 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर “अरपा पैरी के धार” गीत का प्रसारण किया गया था। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए बाबा गुरु घासीदास जयंती पर पंथी गीतों की मधुर धुन सुनाई दी।

पंथी गीत बजते ही स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और आमजन ने संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास का स्मरण कर उन्हें नमन किया। रेलवे की यह पहल सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करने के साथ-साथ प्रदेश की परंपराओं के सम्मान का संदेश देती नजर आई। लोगों ने इस प्रयास की जमकर सराहना की।

Share this

You may have missed