government school news: नशे में स्कूल आने का आरोप, हाजिरी भरकर गायब होते प्रधान पाठक

Share this

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के एक सरकारी प्राथमिक स्कूल में प्रधान पाठक की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रधान पाठक शराब के नशे में स्कूल पहुंचते हैं, हाजिरी भरकर बिना अध्यापन कार्य किए लौट जाते हैं। यह मामला बिल्हा विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला मटियारी का है।

 

ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रधान पाठक प्रताप सत्यार्थी पर बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल हटाने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार प्रधान पाठक आए दिन नशे की हालत में स्कूल पहुंचते हैं, अटेंडेंस रजिस्टर में हस्ताक्षर कर स्कूल से गायब हो जाते हैं।

 

ग्रामीणों ने बताया कि 31 दिसंबर को अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन की हड़ताल के चलते जिले में शिक्षक हड़ताल पर थे। इसके बावजूद प्रधान पाठक ने अटेंडेंस रजिस्टर में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि वे स्कूल में मौजूद नहीं थे। आरोप है कि उस दिन बच्चे भगवान भरोसे स्कूल में छोड़ दिए गए थे। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि उस दौरान कोई दुर्घटना हो जाती, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता।

 

वहीं 1 जनवरी को पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण जब स्कूल पहुंचे तो स्कूल का मुख्य गेट बंद मिला। स्कूल का समय सुबह 10 बजे से शुरू होता है, लेकिन प्रधान पाठक 11 बजे तक भी स्कूल नहीं पहुंचे। बाद में जब वे पहुंचे तो ग्रामीणों ने उनसे सवाल-जवाब किए, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

 

सरपंच सतीश केसर ने बताया कि प्रधान पाठक के खिलाफ पहले से कई शिकायतें दर्ज हैं। उनका कहना है कि प्रधान पाठक अक्सर नशे की हालत में रहते हैं और अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह लापरवाह हैं। इस मामले की शिकायत बीईओ को भी की जा चुकी है।

 

ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन को चेताया है कि बच्चों के भविष्य और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर प्रधान पाठक को हटाने और स्कूल व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

 

जांच समिति गठित होगी

जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे ने कहा कि आरोप गंभीर हैं और मामले की जांच के लिए समिति गठित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला जांचाधीन है।

 

Share this

You may have missed