Government Action: नववर्ष से पहले आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध महुआ शराब की फैक्ट्री ध्वस्त

Share this

सक्ती। नव वर्ष एवं आगामी छेरछेरा पर्व को ध्यान में रखते हुए अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। कलेक्टर के निर्देश तथा प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा जिलेभर में लगातार कार्रवाई की जा रही है।

 

इसी कड़ी में आबकारी वृत्त सक्ती अंतर्गत ग्राम जुड़गा में वर्ष 2025 की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है, जिससे शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

 

सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में 31 दिसंबर 2025 को वर्ष के अंतिम दिन आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने यह निर्णायक कार्रवाई की। विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नव वर्ष के मौके पर ग्राम जुड़गा में नाले के किनारे अवैध रूप से महुआ शराब निर्माण की फैक्ट्री संचालित की जा रही है।

 

सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीम का गठन किया गया और नाला किनारे दबिश दी गई। टीम को मौके पर आता देख कुछ संदिग्ध व्यक्ति फरार हो गए। तलाशी के दौरान मौके से 5 चढ़ी हुई महुआ शराब की भट्टियां बरामद की गईं, जिनमें शराब तैयार की जा रही थी।

 

इसके साथ ही आसपास झाड़ियों में छुपाकर रखी गई करीब 115 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। वहीं शराब निर्माण के लिए उपयोग में लाई जा रही 20 बोरियों में भरी लगभग 500 किलोग्राम महुआ लाहन भी मौके पर मिली। आबकारी विभाग द्वारा नियमानुसार सैंपल लेकर संपूर्ण लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

 

अधिकारियों के अनुसार इस लाहन से सैकड़ों लीटर अवैध महुआ शराब तैयार की जा सकती थी, जिसे समय रहते नष्ट कर एक बड़ी अवैध आपूर्ति को रोका गया।

 

सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल ने बताया कि लगातार हो रही सख्त कार्रवाई के चलते लोग अब घरों में शराब बनाने से बच रहे हैं और नाला व जंगल जैसे दुर्गम इलाकों का सहारा ले रहे हैं। बावजूद इसके विभाग द्वारा ऐसे क्षेत्रों में भी निरंतर दबिश दी जा रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक कोमल सिदार, घनश्याम प्रधान, मुख्य आरक्षक आबकारी रघुनाथ पैकरा, विष्णु कौशिक, परसराम, कमलेश, बसंती चौधरी, नगर सैनिक वीरेंद्र यादव की अहम भूमिका रही। वहीं ग्राम पंचायत जुड़गा के सरपंच, पंचों, कोटवार एवं ग्रामवासियों का सहयोग भी सराहनीय रहा।

इस निर्णायक कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में दहशत का माहौल है, वहीं आम नागरिकों में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

Share this

You may have missed