चांपा में पोस्ट ऑफिस के नाम पर लाखों की ठगी, सैकड़ों लोगों से पैसे लेकर एजेंट फरार

Share this

चांपा। पोस्ट ऑफिस में खाता खोलने और नियमित रूप से पैसा जमा कराने का झांसा देकर सैकड़ों लोगों से ठगी किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चांपा नगर सहित आसपास के ग्रामीण और शहरी इलाकों में दीपक देवांगन नामक युवक ने खुद को पोस्ट ऑफिस से जुड़ा बताकर महिलाओं, व्यापारियों, मजदूरों और लेबर वर्ग के लोगों से लाखों रुपये की वसूली की और अब फरार हो गया है।

जानकारी के अनुसार आरोपी दीपक देवांगन भोजपुर, चांपा का निवासी है। वह पिछले तीन से पांच वर्षों से रोजाना दुकानों, ठेले-गुमटी और घर-घर जाकर लोगों से पैसा कलेक्ट करता था। लोगों को यह विश्वास दिलाया जाता था कि उनकी रकम पोस्ट ऑफिस की विभिन्न बचत योजनाओं में सुरक्षित रूप से जमा की जा रही है, जिससे भविष्य में उन्हें एकमुश्त बड़ी राशि प्राप्त होगी।

पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी ने अधिकांश खाताधारकों को पासबुक नहीं दी और सभी पासबुक अपने पास ही रखी। आरोपी के घर से करीब 500 से अधिक पासबुक मिलने की जानकारी सामने आई है। जांच में यह भी सामने आया है कि कई खातों में केवल खाता खुलने के समय या एक-दो माह तक ही राशि जमा दिखाई गई है, जबकि उसके बाद की रकम आज दिनांक तक पोस्ट ऑफिस में जमा ही नहीं की गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आरोपी के घर और चांपा पोस्ट ऑफिस परिसर में सैकड़ों की संख्या में पीड़ित लोग जमा हो गए। बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष अपनी शिकायत लेकर चांपा थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

इस ठगी की घटना से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश है। खासकर गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों ने अपनी रोजाना की छोटी-छोटी बचत भविष्य के सुरक्षित जीवन के लिए जमा की थी, लेकिन अब उनकी मेहनत की कमाई डूबने का खतरा मंडरा रहा है। पीड़ितों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर राशि वापस दिलाने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

Share this

You may have missed