जमीन बिक्री में फर्जीवाड़ा: पुलिस ने लाखों की ठगी करने वाले आरोपी को कुछ घंटों में किया गिरफ्तार
Share this
जांजगीर-चांपा। जमीन बिक्री के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को जांजगीर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर आरोप है कि उसने कूटरचना कर दूसरे व्यक्ति की जमीन को गलत चौहद्द बताकर बेच दिया था।
कैसे हुआ खुलासा?
प्रार्थी रजत सुल्तानिया, निवासी नैला, ने थाना जांजगीर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी सुनील सिंह (पिता श्याम सिंह, उम्र 39 वर्ष), निवासी वार्ड 06, अनंत बिहार कॉलोनी जांजगीर, ने कैनाल सिटी के आगे स्थित वृंदावन कॉलोनी क्षेत्र में दूसरे की जमीन को दिखाकर फर्जी चौहद्दी तैयार की। इतना ही नहीं, आरोपी ने रास्ते की जमीन को नियमित भूखंड बताकर उसे बेच दिया।
शिकायत के आधार पर थाना जांजगीर में 21 नवंबर 2025 को अपराध क्रमांक 1032/25 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई:-
ठगी के इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में तत्काल कार्रवाई की गई।
थाना जांजगीर की टीम ने आरोपी के निवास स्थान पर घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने जानबूझकर विक्रय पत्र में कूटरचना की और रास्ते की भूमि को बेचकर 2,50,000 रुपये प्राप्त किए।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

