Fire Accident News: ट्रेलर के केबिन में लगी आग, सीट पर सो रहे तीन साल के मासूम की दर्दनाक मौत

Share this

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के सांधीपारा में दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर के केबिन में अचानक आग लग गई। आग बुझाने के बाद जब केबिन के भीतर देखा गया, तो सीट पर सो रहे तीन वर्षीय मासूम बच्चे की जली हुई लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के मुताबिक सांधीपारा निवासी संजय यादव पेशे से ट्रेलर चालक हैं। रोज की तरह काम से लौटने के बाद उन्होंने अपना ट्रेलर घर के पास खड़ा किया था और स्वयं घर में आराम कर रहे थे। इसी दौरान उनका तीन साल का बेटा अनमोल खेलते-खेलते ट्रेलर के केबिन में चढ़ गया और वहीं सीट पर सो गया।

दोपहर के समय आसपास मौजूद लोगों ने ट्रेलर के केबिन से धुआं निकलते देखा। तत्काल इसकी सूचना संजय यादव और अन्य लोगों को दी गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन जब केबिन का दरवाजा खोलकर अंदर झाका गया, तो वहां एक मासूम बच्चे का जला हुआ शव पड़ा था।

इसके बाद आसपास खेल रहे बच्चों की तलाश की गई, तब पता चला कि मृतक बच्चा संजय यादव का पुत्र अनमोल है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि अनमोल अक्सर ट्रेलर के केबिन में चढ़कर खेलता था। परिजनों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह केबिन में सो गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रेलर में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Share this

You may have missed