रेलवे प्लेटफॉर्म पर नकली RPF ASI पकड़ा गया, असली अधिकारी से सेल्फी ले कर बन रहा था ‘अफसर’
Share this
रायपुर। कल्याण रेलवे स्टेशन पर फर्जी रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) सहायक उप निरीक्षक (ASI) बनकर घूम रहे एक युवक को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी पूरी आरपीएफ वर्दी में प्लेटफॉर्म पर घूम रहा था और खुद को ‘ऑस्टिन RPF पुणे’ में तैनात बताते हुए यात्रियों और स्टाफ को गुमराह कर रहा था।
घटना 12 नवंबर को प्लेटफॉर्म नंबर 2/3 पर उस समय सामने आई, जब ड्यूटी पर तैनात ASI रमेशसिंह यादव गश्त के दौरान आरोपी पर संदेह हुआ। युवक ने न केवल असली ASI से सेल्फी लेने की कोशिश की, बल्कि अपनी पोस्टिंग और वंदे भारत ट्रेन में एस्कॉर्टिंग ड्यूटी होने का झूठ भी बोला।
जब ASI यादव ने उससे एस्कॉर्टिंग टीम के अन्य सदस्यों के बारे में पूछा, तो आरोपी ने कहा कि बाकी स्टाफ ब्रिज पर हैं। लेकिन ब्रिज पर कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान लुक आफ्टर चार्ज इंस्पेक्टर रणजीत सिंह मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
संदेह गहराने पर आरोपी को आरपीएफ थाना कल्याण ले जाया जा रहा था, तभी उसने भागने की कोशिश की। हालांकि, आरक्षक मंगेश थेरे, रितेश त्रिपाठी और सीआईबी के आरक्षक नीलकंठ गोरे ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और थाने ले आए।
फिलहाल आरोपी को जीआरपी कल्याण को आगे की कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है कि युवक ने वर्दी कहां से हासिल की और वह किस उद्देश्य से प्लेटफॉर्म पर घूम रहा था।
