Fake Police: फर्जी थानेदार बनकर धान वाहनों से अवैध वसूली, ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
Share this
कवर्धा। जिले में फर्जी थानेदार बनकर अवैध वसूली करने वाले एक शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को पुलिस अधिकारी बताकर धान परिवहन करने वाले वाहनों को रोकता था और उनसे जबरन पैसे वसूल रहा था। ग्रामीणों के विरोध के बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार यह मामला जिले के केजेदाह गांव का है। यहां रामकुमार श्रीवास नामक व्यक्ति अपने तीन साथियों के साथ तहसीलदार लिखे वाहन में घूम रहा था। वह खुद को थानेदार बताकर धान परिवहन कर रहे वाहनों को रोकता और उनसे अवैध वसूली करता था। जब ग्रामीणों को इस फर्जीवाड़े की भनक लगी तो उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया और बंधक बना लिया।
घटना की सूचना पर लोहारा के तहसीलदार विवेक गुहैया मौके पर पहुंचे, लेकिन नाराज ग्रामीणों ने उन्हें भी कई घंटों तक घेरकर रखा। हालात बिगड़ते देख पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत कराया। तहसीलदार ने इस पूरे घटनाक्रम से खुद को अनजान बताया है।
वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि इस गिरोह में दो पुलिसकर्मी भी शामिल थे। इसके अलावा आरोपियों पर वन विभाग के चेकपोस्ट में तैनात एक चौकीदार के साथ मारपीट करने का भी आरोप लगा है। फिलहाल पुलिस ने फर्जी थानेदार रामकुमार श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके तीन अन्य साथी मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
