Elephant Rescue News: मां से बिछड़ा नन्हा गजराज, जंगल में अकेले भटक रहा शावक; ड्रोन से होगी तलाश…NV News

Share this

NV News रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के जंगलों में करीब 2 से 3 साल का हाथी शावक अपनी मां और हाथियों के दल से बिछड़ गया है। पिछले दो दिनों से नन्हा गजराज अकेले जंगल में घूमकर अपनी मां और दल की तलाश कर रहा है। मामला धरमजयगढ़ वनमंडल के बोरो रेंज का है।

7 हाथियों के दल से बिछड़ा शावक

जानकारी के मुताबिक, बोरो रेंज के चाल्हा गांव के जंगलों में जशपुर जिले की ओर से करीब 7 हाथियों का दल पहुंचा था। दल पहाड़ी क्षेत्र के जंगल में विचरण कर रहा था। कुछ दिन पहले दल के 6 हाथी पहाड़ी से नीचे उतरकर मैनपाट की ओर बढ़ गए, जबकि 2 से 3 साल का शावक पहाड़ के ऊपर ही रह गया और अपने दल से अलग हो गया।

दल से बिछड़ने के बाद शावक जंगल में अकेला घूम रहा है। वन विभाग की टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

चरवाहे ने सबसे पहले देखा

बताया गया कि बुधवार को जंगल के किनारे भैंस चराने गए एक युवक की नजर हाथी के शावक पर पड़ी। शावक जंगल से निकलकर गांव के करीब पहुंच गया था। चरवाहे ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी, जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।

आशंका है कि शावक भैंसों के साथ जंगल से बाहर निकलकर गांव के नजदीक पहुंचा होगा। सूचना मिलते ही वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीमें मौके पर पहुंचीं और शावक को सुरक्षित रखने के साथ उसकी मां और दल की तलाश शुरू कर दी।

ड्रोन से हाथियों के दल की तलाश

वन विभाग अब शावक को उसकी मां और हाथियों के दल से मिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसके लिए जंगल के आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई है। ड्रोन की मदद से हाथियों के दल की लोकेशन तलाशने की तैयारी की जा रही है, ताकि शावक को सुरक्षित तरीके से उसकी मां तक पहुंचाया जा सके।

वन विभाग ग्रामीणों से भी शावक के आसपास भीड़ नहीं लगाने और उसे परेशान न करने की अपील कर रहा है।

Share this