Education News: पीएम श्री स्कूल में पागल कुत्ते का आतंक, 2 शिक्षिकाएं और 1 छात्र गंभीर रूप से घायल
Share this
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में पागल कुत्ते का आतंक अब सरकारी स्कूल तक पहुंच गया है। पीएम श्री योजना के अंतर्गत संचालित शासकीय प्राथमिक शाला खमतराई में पागल कुत्ते ने घुसकर दो शिक्षिकाओं और एक छात्र को काट लिया। इस हमले में एक शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गई, जिनके पैर का मांस बुरी तरह नोंच लिया गया।
घटना 1 जनवरी, नए साल के पहले दिन सुबह करीब 8:20 बजे की है। जानकारी के अनुसार पागल कुत्ता अचानक स्कूल परिसर में घुस आया और छात्र सावन लास्कर को दौड़ाकर काटने की कोशिश करने लगा। बच्चे को बचाने आगे आई शिक्षिका सीता कश्यप पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया।
इस दौरान शोर सुनकर दूसरी शिक्षिका शालिनी तिवारी सहकर्मियों के साथ कुत्ते को भगाने पहुंचीं, लेकिन कुत्ते ने उन पर भी हमला कर दिया और उनके पैर के मांस को नोंचकर अलग कर दिया। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते को स्कूल परिसर से बाहर भगाया। इसके बाद नगर निगम के काऊ कैचर को सूचना दी गई। घायल छात्र और दोनों शिक्षिकाओं को तत्काल स्कूल के प्रधान पाठक और शिक्षकों द्वारा सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी को रेबीज का इंजेक्शन और प्राथमिक उपचार दिया गया।
स्कूल के प्रधान पाठक ने इस गंभीर घटना की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और नगर निगम के जोन कमिश्नर को पत्र लिखकर दी है। बताया जा रहा है कि यह पागल कुत्ता अब तक करीब 10 लोगों को काट चुका है।
घटना के बाद स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों, शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से इलाके में घूम रहे पागल कुत्तों को पकड़ने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

