दुर्ग अफीम खेती मामला: CM साय का कांग्रेस को कड़ा जवाब; कहा- “मुख्य आरोपी गिरफ्तार, संलिप्त पाए जाने वाले हर शख्स पर होगी सख्त कार्रवाई”…NV News
Share this
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के फार्महाउस पर अवैध अफीम की खेती पकड़े जाने के बाद सियासत गरमा गई है। इस गंभीर मामले पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि प्रदेश में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा में कहा कि उनकी सरकार बनते ही नशे और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस बारीकी से जांच कर रही है।
प्रशासनिक कार्रवाई के तहत पुलिस ने लगभग 5.62 एकड़ क्षेत्र में फैले 14.30 लाख अफीम के पौधों को जब्त किया है, जिनकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 7.88 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में विनायक ताम्रकार समेत राजस्थान के कुछ अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। जांच में खुलासा हुआ है कि फार्महाउस की सुरक्षा के लिए बकायदा बाउंसर तैनात किए गए थे। सीएम साय ने आश्वासन दिया है कि यदि जांच के दौरान किसी भी अन्य प्रभावशाली व्यक्ति या नेता की संलिप्तता सामने आती है, तो बिना किसी पक्षपात के उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर, इस मामले को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस ने सरकार की घेराबंदी तेज कर दी है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने इसे सामूहिक संरक्षण में हो रहा अवैध कारोबार बताते हुए गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग की है। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस एफआईआर में मुख्य आरोपियों के नाम छिपाने की कोशिश कर रही है। हालांकि, सरकार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। फिलहाल पूरा मामला एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज कर जांच के दायरे में है, जिससे आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
