Drug Raid: न्यू ईयर से पहले ड्रग्स पार्टी का खुलासा, नाबालिग समेत 5 गिरफ्तार, एमडीएमए और नकदी जब्त
Share this
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में न्यू ईयर से पहले ड्रग्स पार्टी की बड़ी साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पार्टी की पूरी प्लानिंग तैयार थी और नागपुर से एमडीएमए ड्रग्स मंगवाया जा चुका था, लेकिन इससे पहले ही रायपुर पुलिस ने ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग बालिका भी शामिल है।
दरअसल, बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें युवक और युवती 500-500 रुपये के नोट पर लाइन बनाकर ड्रग्स लेते नजर आ रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद रायपुर पुलिस हरकत में आई और वायरल वीडियो में दिख रहे लोगों की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि यह वीडियो न्यू राजेन्द्र नगर इलाके के एक अपार्टमेंट स्थित फ्लैट में बनाया गया था।
फ्लैट में पुलिस की रेड, एमडीएमए बरामद
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत मादक पदार्थों की तस्करी पर कार्रवाई के निर्देश आईजी अमरेश मिश्रा ने दिए थे। इसी क्रम में 23 दिसंबर को क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र के एक अपार्टमेंट के फ्लैट में कुछ लोग एमडीएमए ड्रग्स रखे हुए हैं।
सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और थाना न्यू राजेन्द्र नगर की संयुक्त टीम ने फ्लैट में दबिश दी। रेड के दौरान फ्लैट में चार युवक और एक नाबालिग बालिका मौजूद मिली। तलाशी लेने पर उनके पास से एमडीएमए ड्रग्स बरामद किया गया।
नागपुर से लाई गई थी ड्रग्स
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि नागपुर निवासी शुभम राजूधावड़े ड्रग्स लेकर रायपुर आया था। जांच में यह भी सामने आया कि पराग बरछा उर्फ रघु रायपुर में एमडीएमए ड्रग्स का मुख्य सप्लायर है, जो न्यू ईयर के मौके पर बड़े होटलों और पार्टियों में सप्लाई करने की तैयारी में था।
आरोपी वरण अपार्टमेंट स्थित फ्लैट में ईवेंट ऑर्गेनाइजर को ड्रग्स सप्लाई करने पहुंचे थे, जहां से उन्हें गिरफ्तार किया गया।
ड्रग्स, मोबाइल और नकदी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स, 4 मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
सभी आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 286/25, धारा 21(बी), 29 नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक इस ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
1. पराग बरछा उर्फ रघु (23 वर्ष) – मुख्य सप्लायर
2. शुभम राजूधावड़े (31 वर्ष) – नागपुर निवासी ड्रग्स तस्कर
3. अमन शर्मा (26 वर्ष)
4. शुभम सिंघनापुरे उर्फ आर्यन (28 वर्ष)
5. एक नाबालिग बालिका (विधि के साथ संघर्षरत)
