Dilapidated road News: “पांच साल में कई बार बनी, फिर भी हर बार टूटी… आखिर किसकी लापरवाही से बदहाल हुई करोड़ों की सड़क?”
Share this
देवरी–सारागांव। जनपद पंचायत बम्हनीडीह अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरी से अमरुवा तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत वर्ष 2020 में निर्मित सड़क आज अपनी बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनी हुई है। छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा निर्मित यह सड़क अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है।
निर्माण के महज कुछ ही वर्षों के भीतर सड़क की हालत इतनी खराब हो जाना विभागीय कार्यप्रणाली और निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर रहा है। ग्रामीणों के अनुसार बीते लगभग पांच वर्षों में इस सड़क की कई बार मरम्मत कराई गई, लेकिन हर बार मरम्मत के कुछ ही महीनों बाद सड़क फिर से उखड़ जाती है।
वर्तमान स्थिति यह है कि सड़क पर कई स्थानों से डामरीकरण पूरी तरह निकल चुका है और गिट्टियां बिखरी पड़ी हैं। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आवागमन करना बेहद मुश्किल हो गया है। इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चों, किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों का आवागमन होता है, लेकिन खराब सड़क के कारण हर सफर जोखिम भरा बन गया है।
गड्ढों और उखड़ी गिट्टियों की वजह से सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को झेलनी पड़ रही है। आए दिन फिसलने और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान गुणवत्ता का बिल्कुल भी ध्यान नहीं रखा गया, जिसका खामियाजा अब आम जनता भुगत रही है।
बार-बार मरम्मत के बावजूद सड़क की हालत में कोई सुधार नहीं होना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि निर्माण कार्य में भारी लापरवाही बरती गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि इस जर्जर सड़क की मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति करने के बजाय जल्द से जल्द नई सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।
