Dharmantaran News: धर्मांतरण के बाद अंतिम संस्कार को लेकर बवाल, शव दफनाने पर आमने-सामने आए दो पक्ष
Share this
धमतरी। छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण के बाद अंतिम संस्कार को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांकेर के बाद अब धमतरी जिले से भी ऐसा ही मामला सामने आया है। नगरी नगर पंचायत क्षेत्र में एक धर्मांतरित महिला के शव को दफनाने की तैयारी के दौरान तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतक महिला ने कुछ समय पहले हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपना लिया था। महिला की मृत्यु के बाद परिजन ईसाई रीति-रिवाज के अनुसार शव को दफनाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ हिंदू संगठनों ने इसका विरोध करते हुए आपत्ति जताई, जिसके बाद मौके पर हंगामा खड़ा हो गया।
विरोध बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
स्थिति को संभालने के लिए एसडीएम और एसडीओपी स्वयं मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराने का प्रयास किया गया। फिलहाल इलाके में एहतियातन सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस सतर्क है।
