धमतरी के ‘डायमंड’ ने वर्दी पहनकर रचा इतिहास: DSP रहते हुए पास की UPSC परीक्षा, अब बनेंगे IPS अधिकारी…NV News
Share this
धमतरी/रायपुर: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के एक छोटे से गांव परसवानी के रहने वाले डायमंड सिंह ध्रुव ने अपनी मेहनत और लगन से वह कर दिखाया है, जो लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है। वर्तमान में राज्य पुलिस सेवा के 2024 बैच के अधिकारी और डीएसपी (DSP) के पद पर तैनात डायमंड ने यूपीएससी 2025 की परीक्षा में 623वीं रैंक हासिल की है। अब वे देश के सबसे प्रतिष्ठित पुलिस सेवा यानी भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारी के रूप में नई जिम्मेदारियां संभालेंगे।
डायमंड की यह कामयाबी इसलिए असाधारण है क्योंकि उन्होंने अपनी ड्यूटी की व्यस्तता और काम के भारी दबाव के बीच तैयारी जारी रखी। राज्य पुलिस सेवा में चयन के बाद भी उन्होंने अपने बड़े लक्ष्य को ओझल नहीं होने दिया। डायमंड सिंह ध्रुव, स्वर्गीय बलराम सिंह सूर्यवंशी और शिक्षिका अंबिका सूर्यवंशी के पुत्र हैं। उनके पिता का सपना था कि बेटा बड़ा अधिकारी बने, जिसे डायमंड ने आज सच कर दिखाया है। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल है।
अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता और गुरुजनों को देते हुए डायमंड ने कहा कि पुलिस की नौकरी के दौरान समय निकालना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन अनुशासन ने उनकी राह आसान कर दी। वे अनुसूचित जनजाति (ST) कोटे से आते हैं और उनकी रैंक को देखते हुए उन्हें आईपीएस या आईएएस मिलना लगभग तय है। यह सफलता उन सभी युवाओं के लिए एक कड़ा संदेश है जो नौकरी या समय की कमी को अपनी पढ़ाई में बाधा मानते हैं।
