सरकारी दफ्तर बना अखाड़ा! देवभोग नगर पंचायत में CMO के सामने अकाउंटेंट की जमकर पिटाई…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से सरकारी मर्यादा को तार-तार करने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहाँ देवभोग नगर पंचायत कार्यालय का माहौल उस वक्त अखाड़े में तब्दील हो गया, जब मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) के चेंबर के भीतर ही कर्मचारियों और कुछ लोगों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मच गया है।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नगर पंचायत के अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर के साथ कुछ लोग बदसलूकी और मारपीट कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, विवाद अकाउंटेंट और इंजीनियर पक्ष के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि चेंबर के भीतर ही गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। वीडियो में संदीप चंद्राकर भी बचाव करते हुए एक व्यक्ति की पगड़ी निकालकर जवाबी हमला करते नजर आ रहे हैं।

हैरानी की बात यह है कि यह पूरी घटना CMO की मौजूदगी में हुई। सरकारी दफ्तर के भीतर अधिकारियों के सामने इस तरह की हिंसा ने नगर पंचायत की सुरक्षा और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काफी देर तक दफ्तर में हंगामा चलता रहा और अन्य कर्मचारी बीच-बचाव करने की कोशिश करते रहे।

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लिया है। पुलिस और उच्चाधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है। एक सरकारी कार्यालय में इस तरह का हिंसक व्यवहार न केवल अनुशासनहीनता की पराकाष्ठा है, बल्कि आम जनता के बीच सरकारी तंत्र की छवि को भी धूमिल करता है। अब देखना होगा कि इस मामले में संलिप्त दोषियों पर प्रशासन क्या दंडात्मक कार्रवाई करता है।

Share this