Destitute Pension Ease: रायपुर में निराश्रित पेंशनधारियों को बड़ी राहत; अब वार्ड के चॉइस सेंटर से किसी भी दिन मिलेगी पेंशन राशि…NV News

Share this

NV News रायपुर, 23 जुलाई 2026। रायपुर नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत पेंशन पाने वाले बुजुर्गों, विधवाओं और निराश्रितों को अब पेंशन राशि के लिए लंबी कतारों या बैंक के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने मुख्यालय स्थित अपने कक्ष में सभी जोन अध्यक्षों, समाज कल्याण विभाग और आईडीबीआई (IDBI) बैंक अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक लेकर पेंशन वितरण व्यवस्था को पूरी तरह सुगम बनाने के निर्देश दिए हैं।

वार्डों के चॉइस सेंटरों को किया जाएगा अधिकृत

बैठक में सभापति ने आईडीबीआई बैंक के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक वार्ड में निराश्रित पेंशन का भुगतान करने के लिए स्थानीय पार्षद की सहमति से किसी एक चॉइस सेंटर (Choice Centre) को अधिकृत किया जाए।

पेंशनभोगियों को राहत:

इस नई व्यवस्था से पात्र हितग्राही अपनी सुविधानुसार महीने में किसी भी दिन वार्ड के तय चॉइस सेंटर जाकर आसानी से अपनी पेंशन राशि प्राप्त कर सकेंगे। उन्हें बैंक शाखाओं के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी।

चॉइस सेंटर संचालकों को मिलेगी ट्रेनिंग और कमीशन

आईडीबीआई बैंक द्वारा सभी वार्डों में नियुक्त चॉइस सेंटर संचालकों को नगर निगम में विशेष प्रशिक्षण (Training) दिया जाएगा, जिससे वे इस प्रक्रिया में निपुण हो सकें। इस सेवा के एवज में बैंक द्वारा चॉइस सेंटर संचालकों को निर्धारित कमीशन भी दिया जाएगा।

सभापति ने नगर निगम उपायुक्त अंजलि शर्मा को लंबित पेंशन भुगतान प्रकरणों का राज्य शासन की मंशा के अनुसार प्राथमिकता से जल्द से जल्द निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए।

बैठक में एमआईसी सदस्य खेम कुमार सेन, जोन अध्यक्ष गज्जू साहू, मुरली शर्मा, अंबर अग्रवाल, बद्री प्रसाद गुप्ता, प्रीतम सिंह ठाकुर, गोपेश साहू, सचिन बी. मेघानी, उपायुक्त अंजलि शर्मा तथा आईडीबीआई बैंक समता कॉलोनी शाखा के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Share this

You may have missed