डिप्टी सीएम अरुण साव जगदलपुर रवाना, विधानसभा सत्र को लेकर दिया बड़ा बयान

Share this

रायपुर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव जगदलपुर के लिए रवाना हो गए हैं। उनके साथ मंत्री केदार कश्यप और देश के प्रसिद्ध फुटबॉलर बाईचुंग भूटिया भी जगदलपुर जा रहे हैं। बाईचुंग भूटिया ने बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण मिलने पर छत्तीसगढ़ सरकार का आभार व्यक्त किया।

जगदलपुर रवाना होने से पहले डिप्टी सीएम अरुण साव ने आगामी विधानसभा सत्र को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि कल का दिन ऐतिहासिक होने वाला है, क्योंकि रविवार को अपने ही विधानसभा भवन से सत्र की शुरुआत होगी। सत्र के पहले दिन ‘विजन 2047’ पर चर्चा की जाएगी।

विधानसभा सत्र की अवधि बढ़ाने और ‘वंदे मातरम्’ पर चर्चा को लेकर डिप्टी सीएम साव ने कहा कि वंदे मातरम् का आज़ादी के आंदोलन में विशेष महत्व रहा है। देश के वीर सपूतों ने वंदे मातरम् कहते हुए फांसी तक स्वीकार की। जिस तरह दिल्ली में इस विषय पर चर्चा हुई, उसी तरह छत्तीसगढ़ विधानसभा में भी इस पर विमर्श किया जाएगा।

विधानसभा सत्र के विपक्ष द्वारा बहिष्कार पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम साव ने कहा कि यह विपक्ष का निर्णय है, लेकिन चर्चा संवाद के लिए होती है। विपक्ष को भी चर्चा में भाग लेना चाहिए, ताकि प्रदेश के विकास को गति मिल सके। सभी को मिलकर अपनी सहभागिता निभानी चाहिए।

इस दौरान फुटबॉलर बाईचुंग भूटिया ने बस्तर ओलंपिक की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह नॉर्थ ईस्ट के आदिवासी खिलाड़ियों ने ओलंपिक, एशियन गेम्स और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन किया है, उसी तरह भविष्य में बस्तर से भी कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी उभरेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि बस्तर खेल प्रतिभाओं का बड़ा केंद्र बनकर सामने आएगा।

राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है, जब वर्तमान सरकार ने शपथ ली थी। बीते दो साल उपलब्धियों से भरे रहे हैं। सरकार ने युवा, किसान और महिलाओं के सपनों को साकार करने का कार्य किया है और “हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे” के संकल्प के साथ लगातार काम किया गया।

बस्तर ओलंपिक के समापन को लेकर डिप्टी सीएम साव ने बताया कि आज बस्तर ओलंपिक का भव्य समापन समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। इस बार बस्तर ओलंपिक में 3 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, जबकि करीब 3 हजार खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में शामिल हुए। विजेता खिलाड़ियों को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।

Share this

You may have missed