हनुमानधारा के संरक्षण-सौंदर्यीकरण की मांग तेज: कांग्रेस प्रदेश सचिव ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
Share this
जांजगीर-चांपा। चांपा नगर पालिका क्षेत्र में स्थित पवित्र धार्मिक स्थल हनुमानधारा के संरक्षण और सौंदर्यीकरण को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव गिरधारी यादव ने जिला कलेक्टर जांजगीर-चांपा को ज्ञापन सौंपा।
गिरधारी यादव ने बताया कि हनुमानधारा क्षेत्र हनुमान जी के प्राचीन मंदिर के कारण श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक केंद्र है। लेकिन पिछले कुछ समय से यहाँ अवैध बेजा कब्ज़ा, कचरा फेंकने, और राखड़ डंपिंग जैसी गतिविधियों के बढ़ने से न केवल क्षेत्र का स्वरूप बिगड़ रहा है बल्कि लोगों की धार्मिक भावनाएँ भी आहत हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि लगातार शिकायतों, जनप्रतिनिधियों के आग्रह और समाचारों के माध्यम से तथ्यों के सामने आने के बावजूद अब तक क्षेत्र को बेजा कब्ज़ा और राखड़ डंपिंग से मुक्त कराने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिसके कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों में आक्रोश व्याप्त है।
वन-विहार पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का सुझाव
ज्ञापन में यह भी प्रस्तावित किया गया है कि हनुमानधारा क्षेत्र में प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक महत्व की अपार संभावनाएँ हैं। इसलिए इसे वन-विहार पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है।
इसके लिए उन्होंने मांग की है कि—
क्षेत्र को पूरी तरह बेजा कब्ज़ा मुक्त किया जाए
अवैध राखड़ डंपिंग पर तत्काल रोक लगे
आस-पास की भूमि का सौंदर्यीकरण किया जाए
पर्यटन से संबंधित आवश्यक सुविधाएँ विकसित की जाएं
कलेक्टर से स्थल निरीक्षण और त्वरित कार्रवाई की मांग
गिरधारी यादव ने कलेक्टर से अनुरोध किया कि वे हनुमानधारा क्षेत्र का व्यक्तिगत निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाएँ, ताकि इस क्षेत्र की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधी महत्ता को पुनः संरक्षित किया जा सके।
जनहित में प्रशासनिक कदम उठाने की मांग
उन्होंने मांग की है कि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई कर वर्तमान स्थिति को नियंत्रित करे और क्षेत्र को धार्मिक एवं पर्यटन दृष्टि से विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए।
