CSEB हाइडल प्लांट में बड़ा हादसा: स्टॉप डैम का तटबंध टूटा, प्लांट में पानी घुसने से उत्पादन ठप

Share this

कोरबा। कोरबा के दर्री क्षेत्र स्थित सीएसईबी जनरेशन हाइडल प्लांट में गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। स्टॉप डैम का तटबंध अचानक टूटने से भारी मात्रा में पानी प्लांट के भीतर घुस गया। पानी का तेज बहाव देखकर प्लांट में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी ने भागकर अपनी जान बचाई।

पानी भरने के कारण प्लांट की मशीनें पूरी तरह डूब गईं, जिसकी वजह से 85 किलोवॉट क्षमता वाले इस हाइडल प्लांट का विद्युत उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया है। बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना प्लांट प्रबंधन की लापरवाही का नतीजा है।

पहले से थी तटबंध में दरार, नहीं ली गई गंभीरता से:-

सूत्रों के अनुसार, स्टॉप डैम में पहले से ही दरार मौजूद थी और कर्मचारियों ने इसकी जानकारी अधिकारियों को दे दी थी। इसके बावजूद समय रहते किसी भी प्रकार की मरम्मत या सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, जिसका परिणाम आज बड़े हादसे के रूप में सामने आया।

फिलहाल प्लांट से पानी निकालने का काम तेजी से किया जा रहा है। अधिकारी और कर्मचारी मिलकर टूटे हुए तटबंध को पुनः बनाने में जुटे हुए हैं।

नुकसान का आकलन बाद में होगा, उत्पादन शुरू होने में लग सकता है समय:-

अधिकारियों का कहना है कि प्लांट को हुए नुकसान का आकलन बाद में किया जाएगा। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि विद्युत उत्पादन दोबारा कब शुरू हो पाएगा। अच्छी बात यह रही कि समय से कर्मचारी बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

Share this

You may have missed