Crime News: नवविवाहित दंपति की दर्दनाक मौत, पति ने पत्नी की हत्या कर खुद लगाई फांसी
Share this
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के देवरबीजा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलधा (मंजगांव) में एक दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक नवविवाहित दंपति की संदिग्ध हालात में मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पति ने पहले घर के भीतर अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वह घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में गया, जहां एक पेड़ से फांसी लगाकर उसने आत्महत्या कर ली।
घटना का खुलासा तब हुआ जब ग्रामीणों ने घर के भीतर सावित्री साहू का शव पड़ा देखा, जबकि कुछ ही दूरी पर खेत में सलिक साहू का शव फांसी पर लटका मिला। मामले की सूचना तत्काल देवरबीजा चौकी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि सावित्री साहू की मौत गला दबाए जाने से हुई है। हत्या के बाद सलिक साहू द्वारा आत्महत्या किए जाने की पुष्टि भी हुई है। हालांकि, इस खौफनाक कदम के पीछे की असली वजह अभी तक सामने नहीं आ सकी है।
फिलहाल पुलिस आसपास के ग्रामीणों, परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पति-पत्नी के बीच किसी तरह का विवाद, घरेलू कलह, मानसिक तनाव या पारिवारिक दबाव तो नहीं था। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।
