Crime News: दुष्कर्म के आरोपी कांस्टेबल को किया गया बर्खास्त, महिला को इस बात का दिया था झांसा
Share this
दुर्ग। जिले में महिला के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी कांस्टेबल को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। आरोपी आरक्षक ने पीड़िता के बेटे को जेल से छुड़ाने का झांसा देकर सुनसान जगह पर ले जाकर जबरन दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था।
मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है। पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उसका बेटा एक आपराधिक मामले में जेल में बंद है। इसी का फायदा उठाते हुए पुरानी भिलाई थाने में पदस्थ आरक्षक अरविन्द कुमार मेन्ढे ने नवंबर माह में महिला को फोन कर थाने बुलाया और बेटे को जेल से छुड़ाने का झांसा दिया।
पीड़िता के अनुसार, 18 नवंबर 2025 को आरोपी आरक्षक ने फोन कर उसे चरौदा बस स्टैंड बुलाया। वहां से वह महिला को अपनी बाइक में बैठाकर रेलवे स्कूल के पास रोड से फाटक पार कर एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने महिला को झूठे केस में फंसाने और जेल भेजने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
घटना के अगले दिन 19 नवंबर की शाम पीड़िता ने पुरानी भिलाई थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होते ही आरोपी कांस्टेबल गिरफ्तारी के डर से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग एसएसपी ने तत्काल आरोपी आरक्षक को निलंबित कर दिया था। वहीं, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी द्वारा दायर की गई जमानत याचिका को कोर्ट ने खारिज कर दिया।
अब एसएसपी ने आरोपी के कृत्य को गंभीर अपराध मानते हुए उसे पुलिस सेवा से पदच्युत (डिसमीस) कर दिया है। फिलहाल फरार आरोपी कांस्टेबल की तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।

