Crime News: जुए के फड़ पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12 जुआरी गिरफ्तार, दो लाख की जब्ती

Share this

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर रेड मारकर 12 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगद राशि, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन समेत करीब 2 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है।

जानकारी के अनुसार, 21 दिसंबर को दुर्ग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत एकता नगर श्मशान घाट के पीछे मैदान में कुछ लोग 52 पत्ती ताश से काट पत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश, 19 हजार 500 रुपये नगद, 5 मोटरसाइकिल और 7 मोबाइल फोन जब्त किए। गिरफ्तार आरोपियों में सनी सिंघानिया, हर्ष यादव, अनिकेत देवार, हरीश तारक, राजेश यादव, यीशु उर्फ विक्की, रजत साव, राहुल राय और ओमकार सोनी शामिल हैं।

वहीं दूसरी कार्रवाई में नंदिनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़े गांव शासकीय स्कूल के पास मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मनोहर निषाद, वेद प्रकाश देवांगन और सुरेश कुमार सिन्हा को गिरफ्तार किया। इनके पास से 52 पत्ती ताश और 9 हजार 750 रुपये नगद जब्त किए गए।

पुलिस ने दोनों मामलों में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3 (2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुरानी भिलाई थाना में अपराध क्रमांक 513/2025 एवं नंदिनी नगर थाना में अपराध क्रमांक 342/2025 दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना पुरानी भिलाई और नंदिनी नगर के पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही।

Share this

You may have missed