Crime News: झील में तैरती मिली युवक की सिर कटी लाश, धड़ से अलग थे दोनों हाथ, हत्या की आशंका

Share this

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नवा रायपुर स्थित ‘ब्लू वाटर लेक’ के पानी में एक युवक की सिर कटी लाश तैरती हुई मिली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। झील में शव को देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला माना थाना क्षेत्र का है। झील से जो शव बरामद हुआ है, वह निर्वस्त्र अवस्था में था। युवक का सिर धड़ से अलग था, वहीं दोनों हाथ भी कटे हुए पाए गए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक का सिर अब तक न तो झील में मिला है और न ही आसपास के इलाके से कोई सुराग हाथ लगा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगालने के साथ ही यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शव को झील में किसने और किन हालात में फेंका।

फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Share this

You may have missed