Crime News: रायपुर में अधजली लाश हत्याकांड का खुलासा: प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, दो आरोपी गिरफ्तार
Share this
रायपुर। छपौरा गांव के खेत में मिली अधजली लाश के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस जघन्य हत्याकांड के पीछे प्रेम प्रसंग की रंजिश सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों अर्जुन धुर्व और अजित उर्फ हरजित लहरे को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक ललित धीवर का आरोपी अर्जुन धुर्व की बहन के साथ प्रेम संबंध था। इसी बात को लेकर आरोपी ललित से रंजिश रखते थे। साजिश के तहत दोनों आरोपियों ने उसे जयंती कार्यक्रम में बुलाने के बहाने खेत में ले गए।
शराब पिलाकर की हत्या
आरोपियों ने खेत में पहले ललित को शराब पिलाई और फिर उसकी निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के इरादे से शव को जलाने की कोशिश की गई और उसे गांव के बाहर खेत में फेंक दिया गया।
23 दिसंबर को मिला था शव
गौरतलब है कि 23 दिसंबर को छपौरा गांव के बाहर खेत में एक युवक का अधजला शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव बुरी तरह झुलसा हुआ था, जिससे उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची थी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका थी कि हत्या कहीं और कर शव को खेत में लाकर जलाया गया है। जांच आगे बढ़ने पर मृतक की पहचान ललित धीवर (उम्र लगभग 30–32 वर्ष) के रूप में हुई।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है।
