Counter-Terrorism Conference: अमित शाह आज करेंगे आतंकवाद निरोधी सम्मेलन का उद्घाटन, उभरते खतरों पर बनेगी नई रणनीति
Share this
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार, 26 दिसंबर 2025 को आतंकवाद निरोधी सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। यह दो दिवसीय सम्मेलन भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आतंकवाद के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस विजन के तहत आयोजित यह वार्षिक सम्मेलन देश में उभरते आतंकी और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े खतरों से निपटने के लिए अगली पीढ़ी की रणनीतियों पर विचार-विमर्श का एक अहम मंच बन गया है। सम्मेलन में ऑपरेशनल फोर्स, तकनीकी, कानूनी और फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ-साथ आतंकवाद विरोधी गतिविधियों में जुटी विभिन्न एजेंसियां हिस्सा ले रही हैं।
इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य ‘Whole of the Government approach’ की भावना के अनुरूप आतंकवाद के खतरे के खिलाफ समन्वित कार्रवाई को मजबूत करना है। इसके तहत औपचारिक और अनौपचारिक चैनलों के माध्यम से विभिन्न हितधारकों के बीच बेहतर तालमेल विकसित करने और भविष्य की नीति निर्माण के लिए ठोस सुझाव प्रस्तुत किए जाएंगे।
दो दिवसीय सम्मेलन में कानून प्रवर्तन एजेंसियों के अनुभव, आतंकवाद विरोधी जांच से मिली सीख और बेहतरीन प्रथाओं को साझा किया जाएगा, ताकि आतंकवाद से जुड़े मामलों से अधिक प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।
सम्मेलन के दौरान विदेशी न्यायक्षेत्रों से साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया, आतंकवाद विरोधी जांच में डिजिटल फोरेंसिक और डेटा विश्लेषण, प्रभावी मुकदमा प्रबंधन, कट्टरता से निपटने की रणनीतियां, जासूसी और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े उभरते हाइब्रिड खतरों जैसे विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा आतंकवाद के वित्तपोषण नेटवर्क को बाधित करने के लिए टूल्स, तकनीक और केस स्टडी, भविष्य की आतंकवाद विरोधी रणनीतियों के निर्माण तथा उभरते राष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दों से निपटने के लिए संस्थागत क्षमताओं के विकास पर भी विशेष चर्चा की जाएगी।
इस सम्मेलन में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, आतंकवाद विरोधी मामलों से निपटने वाली केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारी और कानून, फोरेंसिक व प्रौद्योगिकी क्षेत्र के विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।
