Corruption News: नगर निगम में टैक्स घोटाला: 14.18 लाख के गबन पर राजस्व निरीक्षक निलंबित
Share this
बिलासपुर। नगर निगम में टैक्स से जुड़े एक बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। टैक्स की राशि में 14 लाख 18 हजार रुपये से अधिक के गबन के आरोप में नगर निगम आयुक्त ने सख्त कार्रवाई करते हुए राजस्व निरीक्षक को निलंबित कर दिया है। साथ ही, गबन की गई पूरी राशि की वसूली के निर्देश दिए गए हैं। तय समय-सीमा में रकम जमा नहीं होने पर आरोपी अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
जानकारी के अनुसार यह मामला बिलासपुर नगर निगम के जोन क्रमांक-2 से जुड़ा है। यहां पदस्थ राजस्व निरीक्षक रामनारायण देवांगन पर वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2024-25 के बीच संपत्ति कर, समेकित कर एवं यूजर चार्ज के रूप में वसूली गई 14 लाख 18 हजार 207 रुपये की राशि को निगम कोष में जमा न कर गबन करने का गंभीर आरोप है।
इस पूरे मामले का खुलासा नगर निगम के आंतरिक ऑडिट के दौरान हुआ। ऑडिट रिपोर्ट सामने आने के बाद नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राजस्व निरीक्षक रामनारायण देवांगन को निलंबित कर दिया।
आयुक्त द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि यदि संबंधित अधिकारी द्वारा गबन की गई राशि समय पर जमा नहीं की जाती है, तो उसके खिलाफ पुलिस में अपराध दर्ज कराया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद नगर निगम के राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है और अन्य कर्मचारियों में भी सख्ती का संदेश गया है।
