Conversion Case: प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण का आरोप, पास्टर पर FIR
Share this
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर एक बार फिर धर्मांतरण के मामलों को लेकर चर्चा में है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से लगातार सामने आ रही शिकायतों के बीच अब पचपेड़ी थाना क्षेत्र के जोंधरा गांव में धर्म परिवर्तन कराए जाने का मामला उजागर हुआ है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित पास्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जोंधरा गांव में नए साल के अवसर पर एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था। आरोप है कि इस सभा में ग्रामीणों को भोजन और स्वास्थ्य सुविधा देने का प्रलोभन देकर बुलाया गया। कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों का धर्मांतरण कराए जाने की बात सामने आई, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई।
ग्रामीणों को जैसे ही इस गतिविधि की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत पचपेड़ी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और आयोजन से जुड़े लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने संबंधित पास्टर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विधि सम्मत आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
