संविधान दिवस: CM विष्णुदेव साय ने प्रदर्शनी का किया अवलोकन, संविधान की प्रस्तावना का कराया वाचन
Share this
रायपुर। संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के टाउन हॉल में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होकर संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन किया। मुख्यमंत्री ने संविधान पर आधारित विशिष्ट प्रदर्शनी का अवलोकन किया और वहां उपस्थित नागरिकों, अधिकारियों एवं छात्रों के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।
सीएम साय ने इस दौरान कहा कि “हमारा संविधान एक पवित्र ग्रंथ है, जो प्रत्येक भारतीय को स्वतंत्रता, समानता और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है।” उन्होंने भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों को अक्षुण्ण रखने और नागरिक अधिकारों की रक्षा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रनिर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया में योगदान देने वाली उन सभी विभूतियों को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने संविधान निर्माण की इस महान यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही और सभी ने संविधान दिवस पर राष्ट्रीय एकता और लोकतंत्र के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
