भलेरा धान केंद्र में ‘पानी’ फेरने की साजिश उजागर: कलेक्टर के कड़े तेवर, 3 अफसरों की टीम करेगी अब दूध का दूध और पानी का पानी…NV News
Share this
महासमुंद: जिले के भलेरा धान खरीदी केंद्र में धान का वजन बढ़ाने के लिए उस पर पानी डालने की शर्मनाक करतूत का खुलासा होने के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। मीडिया में खबर प्रमुखता से आने के बाद महासमुंद कलेक्टर ने इसे सरकारी संपत्ति के साथ खिलवाड़ माना है। कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले की तह तक जाने और दोषियों को बेनकाब करने के लिए एक उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन कर दिया है, जिससे केंद्र के जिम्मेदारों में हड़कंप मच गया है।
जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय विशेष टीम को निर्देशित किया गया है कि वे भलेरा केंद्र पहुंचकर धान की नमी, स्टॉक की स्थिति और वायरल हुए वीडियो के साक्ष्यों का बारीकी से मिलान करें। सूत्रों की मानें तो धान की मिलिंग के दौरान होने वाली कमी (Shortage) को छिपाने और अवैध रूप से वजन बढ़ाने के लिए यह ‘पानी छिड़काव’ का खेल लंबे समय से चल रहा था। टीम की रिपोर्ट के आधार पर समिति प्रबंधक और संबंधित कंप्यूटर ऑपरेटरों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।
कलेक्टर की इस त्वरित स्ट्राइक ने साफ कर दिया है कि धान खरीदी के काम में किसी भी प्रकार की पारदर्शिता से समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में भ्रष्टाचार या लापरवाही के पुख्ता सबूत मिलते हैं, तो न केवल सेवा समाप्ति बल्कि आपराधिक मामला (FIR) भी दर्ज कराया जाएगा। फिलहाल केंद्र पर निगरानी बढ़ा दी गई है और अन्य केंद्रों को भी सख्त चेतावनी जारी की गई है कि वे ऐसी किसी भी अनैतिक गतिविधि से दूर रहें।
