Baba Guru Ghasidas Jayanti: बाबा गुरु घासीदास जयंती पर CM साय का संदेश: “मनखे-मनखे एक समान” से बना समतामूलक समाज का आधार

Share this

रायपुर। महान समाज सुधारक और आध्यात्मिक चेतना के प्रतीक बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी के उपदेश आज भी समाज को सत्य, अहिंसा, समानता और सामाजिक सद्भाव के मार्ग पर आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी का अमर संदेश “मनखे-मनखे एक समान” केवल एक नारा नहीं, बल्कि मानवता को जोड़ने वाला ऐसा जीवन-दर्शन है, जो भेदभाव रहित, न्यायपूर्ण और समतामूलक समाज की मजबूत नींव रखता है।

उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी ने छत्तीसगढ़ की धरती पर सामाजिक और आध्यात्मिक जागरण की सुदृढ़ आधारशिला रखी। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों, असमानताओं और अंधविश्वासों के विरुद्ध चेतना जगाई और नैतिक मूल्यों की पुनर्स्थापना की। उनके प्रयासों से जनमानस में आत्मसम्मान, मानवीय गरिमा और सामाजिक चेतना का संचार हुआ।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बाबा जी का जीवन-दर्शन करुणा, सहिष्णुता, प्रेम, सत्यनिष्ठा और परस्पर सम्मान जैसे मानवीय मूल्यों का मार्गदर्शन करता है। उनके विचार समय की कसौटी पर खरे उतरते हुए आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और वर्तमान समाज के लिए प्रेरणा का सशक्त स्रोत बने हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें और सामाजिक समरसता, शांति व सौहार्द के साथ एक समृद्ध, समावेशी और सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।

Share this

You may have missed