CG News: जर्जर सड़कों का अनोखा विरोध: पानी भरे गड्ढे में बैठकर समाजसेवियों ने पी चाय, प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ खोला मोर्चा…NV News

Share this

NV News मुंगेली/रायपुर, 11 अगस्त। मुंगेली शहर के हृदय स्थल कहे जाने वाले पड़ाव चौक से बाईपास को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की बदहाली से तंग आकर स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने विरोध का अनूठा तरीका अपनाया। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और उनमें भरे गंदे पानी के बीच बैठकर प्रदर्शनकारियों ने चाय पीकर शासन-प्रशासन की उदासीनता के खिलाफ अपना कड़ा आक्रोश दर्ज कराया। इस अनोखे प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां लोग जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक व्यवस्था पर जमकर गुस्सा निकाल रहे हैं।

विरोध दर्ज कराने वाले समाजसेवियों और स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि पड़ाव चौक, सोनकर पब्लिक स्कूल, बीआर साव स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल और बिजली विभाग कार्यालय के सामने की सड़कें जर्जर होकर ‘हादसों के कुएं’ में बदल चुकी हैं। सड़कों में उभरे गहरे गड्ढों के कारण आए दिन स्कूली बच्चे गिरकर चुटैल हो रहे हैं, वाहन खराब हो रहे हैं और घंटों लंबा ट्रैफिक जाम लग रहा है। यही नहीं, सड़क पर जलभराव और उड़ती धूल के कारण स्थानीय दुकानदारों का व्यवसाय भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

निर्माणाधीन गौरव पथ सहित शहर की प्रमुख सड़कों का काम समय-सीमा बीत जाने के बाद भी अधूरा पड़ा हुआ है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद ज़िम्मेदार विभाग मौन साधे बैठा है। आक्रोशित नागरिकों व अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना प्राथमिकता के आधार पर स्कूली मार्गों और मुख्य सड़कों का पैचवर्क व जीर्णोद्धार जल्द से जल्द शुरू किया जाए, अन्यथा उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Share this

You may have missed