पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा और एमडी विवेक आचार्य ने किया राजमेरगढ़ का दौरा, जीपीएम के जनसहभागिता मॉडल को सराहा…NV News

Share this

NV News जीपीएम: छत्तीसगढ़ को देश-दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने के प्रयासों के तहत छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा और प्रबंध संचालक (एमडी) श्री विवेक आचार्य ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले का विशेष प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने जिले के सुप्रसिद्ध और प्रमुख पर्यटन स्थल ‘राजमेरगढ़’ का जमीनी अवलोकन किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन और पर्यटन समितियों द्वारा अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया और उन्हें जिले की प्राकृतिक, सांस्कृतिक व धार्मिक विरासत को समेटे विशेष ‘जीपीएम पर्यटन कॉफी टेबल बुक’ भेंट की गई।

भ्रमण के दौरान पर्यटन मंडल के आला अधिकारियों ने जिले के जनसहभागिता और स्थानीय समुदाय पर आधारित पर्यटन मॉडल (Community Based Tourism) की विस्तृत समीक्षा की। स्थानीय अधिकारियों और पर्यटन समितियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि राजमेरगढ़ सहित अन्य पर्यटन स्थलों को सिर्फ सैर-सपाटे तक सीमित न रखकर, इन्हें स्थानीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका (रोजगार-स्वरोजगार) के साथ जोड़ा जा रहा है। युवाओं को इससे जोड़कर स्थानीय आर्थिक विकास को गति दी जा रही है।

रोजगार और आजीविका का सशक्त माध्यम बना राजमेरगढ़

अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा और एमडी श्री विवेक आचार्य ने राजमेरगढ़ में पर्यटकों के लिए उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता प्रबंधन, प्राकृतिक सौंदर्य के संरक्षण और स्थानीय स्तर पर किए जा रहे नवाचारों का बारीकी से निरीक्षण किया। पर्यटन समितियों द्वारा स्थानीय युवाओं की भागीदारी से किए जा रहे सुव्यवस्थित प्रबंधन को देखकर अधिकारियों ने इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्यटन के विकास में स्थानीय समुदाय की भागीदारी ही सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और जीपीएम जिले का यह मॉडल राज्य के अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणादायी साबित होगा।

प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य ने कहा कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला प्राकृतिक सौंदर्य, अद्भुत जैव विविधता और धार्मिक आस्था से समृद्ध है। जनसहभागिता पर आधारित यह पर्यटन मॉडल न केवल बाहरी पर्यटकों को एक बेहतर और सुरक्षित अनुभव प्रदान करता है, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए आजीविका के नए द्वार भी खोलता है। उन्होंने समितियों से भविष्य में भी पर्यटक-अनुकूल, स्वच्छ और सुरक्षित गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया ताकि राजमेरगढ़ देश-प्रदेश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में अपनी एक अलग और विशिष्ट पहचान स्थापित कर सके। इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Share this

You may have missed