होली पर छत्तीसगढ़ में छलकेंगे जाम: 500 करोड़ की शराब बिक्री का अनुमान, रायपुर अकेले गटक सकता है 65 करोड़!…NV News
Share this
रंगों के त्यौहार होली को लेकर छत्तीसगढ़ का बाजार पूरी तरह से गुलजार है, लेकिन इस बार सबसे ज्यादा चर्चा शराब की रिकॉर्ड बिक्री को लेकर हो रही है। आबकारी विभाग के ताजा आंकड़ों और अनुमानों के मुताबिक, इस वर्ष होली के त्यौहार के दौरान प्रदेशभर में 500 करोड़ रुपये से अधिक की शराब बिकने की संभावना है। अकेले राजधानी रायपुर में ही शराब प्रेमियों द्वारा लगभग 65 करोड़ रुपये की शराब गटकने का अनुमान लगाया गया है। विभाग ने मांग को देखते हुए सभी सरकारी दुकानों में लोकप्रिय ब्रांड्स का बंपर स्टॉक पहले ही पहुंचा दिया है।
विभाग के अनुसार, पिछले साल की तुलना में इस बार मांग में भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है। आपूर्ति में कोई कमी न आए, इसके लिए शराब परिवहन के लिए अतिरिक्त गाड़ियाँ किराए पर ली गई हैं। सभी शराब दुकानों के सुपरवाइजरों से एक सप्ताह पहले ही संभावित मांग का ब्यौरा मंगा लिया गया था। विशेष रूप से विदेशी (अंग्रेजी) शराब और मध्यम वर्ग के चर्चित ब्रांड्स (जैसे गोवा स्टैंडर्ड) की भारी डिमांड है। प्रीमियम ब्रांड्स का कोटा भी 25% तक बढ़ा दिया गया है ताकि उच्च श्रेणी के ग्राहकों को निराशा न हो।
शराब प्रेमियों के लिए एक और राहत की खबर यह रही कि होली से एक दिन पूर्व (मंगलवार) दुकानें अपने निर्धारित समय तक खुली रहीं। आमतौर पर बड़े त्यौहारों से पहले शाम 5 बजे दुकानें बंद कर दी जाती थीं, लेकिन इस बार समय में कोई कटौती नहीं की गई। हालांकि, आज 4 मार्च (बुधवार) को होली के मुख्य अवसर पर पूरे प्रदेश में ‘शुष्क दिवस’ (Dry Day) घोषित किया गया है। इसका मतलब है कि आज सभी सरकारी शराब दुकानें, बार और क्लब पूर्ण रूप से बंद रहेंगे।
प्रशासन ने शुष्क दिवस के दौरान अवैध बिक्री (कोचियागिरी) को रोकने के लिए सख्त पहरा लगा दिया है। आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें मुखबिरों के जरिए संदिग्ध ठिकानों पर निगरानी रख रही हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई भी अवैध रूप से शराब बेचते या स्टोर करते पाया गया, तो उस पर भारी जुर्माना और जेल की कार्रवाई की जाएगी। यह कदम त्यौहार के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए उठाया गया है, ताकि रंगों का यह उत्सव किसी अप्रिय घटना का शिकार न हो।
