Chhattisgarh Rail Projects Expansion: बस्तर से सरगुजा तक मजबूत होगा रेल संपर्क; सीएम विष्णुदेव साय ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की चर्चा…NV News

Share this

NV News रायपुर/नई दिल्ली न्यूज़: छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क के विस्तार और अधोसंरचना को गति देने की दिशा में 30 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से सौजन्य मुलाकात कर प्रदेश की लंबित रेल लाइनों, नई रेल परियोजनाओं और अधोसंरचना विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और सांसद संतोष पांडे भी मौजूद रहे।

बैठक में 295 किलोमीटर लंबी महत्वाकांक्षी कटघोरा-डोंगरगढ़ नई रेलवे लाइन परियोजना पर विशेष मंथन हुआ। यह परियोजना रेल मंत्रालय और छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त उपक्रम (Joint Venture) के तहत गठित स्पेशल परपज व्हीकल (SPV) द्वारा पूरी की जाएगी। यह लाइन कटघोरा, करतला, मुंगेली, कवर्धा और खैरागढ़ जैसे दुर्गम क्षेत्रों को पहली बार सीधे रेल नेटवर्क से जोड़ेगी।

इसके साथ ही, बस्तर अंचल के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण 140 किलोमीटर लंबी रावघाट-जगदलपुर रेलवे लाइन की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि भूमि अधिग्रहण का कार्य पूरा हो चुका है और निविदा (टेंडर) प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इस लाइन का निर्माण कार्य शुरू होने से बस्तर की कनेक्टिविटी में ऐतिहासिक बदलाव आएगा।

मुख्यमंत्री साय ने उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा अंचल को राहत देने के लिए सरडेगा-पत्थलगांव-अंबिकापुर (244 किमी), धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा (301 किमी) और अंबिकापुर-बरवाडीह (200 किमी) परियोजनाओं को शीघ्र मंजूरी देने का आग्रह किया। इस पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द स्वीकृति का आश्वासन दिया। इसके अलावा किरंदुल-कोत्तागुडेम तथा गढ़चिरौली-बीजापुर-किरंदुल रेल लाइनों के सर्वे कार्य को जल्द पूरा करने पर भी सहमति बनी।

Share this

You may have missed